मुंबई। भारतीय सिनेमा के महान अभिनेता, निर्देशक और निर्माता गुरु दत्त की 101वीं जयंती पर बॉलीवुड अभिनेता जैकी श्रॉफ ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। जैकी ने सोशल मीडिया पर गुरु दत्त की दुर्लभ श्वेत-श्याम तस्वीरों का एक कोलाज साझा करते हुए उनके प्रति अपना सम्मान व्यक्त किया।
जैकी श्रॉफ ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर गुरु दत्त की कई पुरानी तस्वीरें पोस्ट कीं। इन तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा, “गुरु दत्त को उनकी जयंती पर याद करते हुए।” जैकी की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और प्रशंसक भी गुरु दत्त को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

गुरु दत्त का जन्म 9 जुलाई 1925 को हुआ था। उनका वास्तविक नाम वसंत कुमार शिवशंकर पादुकोण था। उन्होंने वर्ष 1951 में फिल्म ‘बाजी’ से निर्देशन की शुरुआत की और इसके बाद ‘आर-पार’, ‘सीआईडी’, ‘प्यासा’, ‘कागज के फूल’ और ‘चौदहवीं का चांद’ जैसी कालजयी फिल्मों का निर्देशन किया। उनकी फिल्मों ने भारतीय सिनेमा को नई पहचान दी और आज भी उन्हें क्लासिक फिल्मों की श्रेणी में रखा जाता है।
हालांकि ‘प्यासा’ और ‘कागज के फूल’ जैसी फिल्मों को रिलीज के समय अपेक्षित सफलता नहीं मिली थी, लेकिन समय के साथ इन्हें भारतीय सिनेमा की उत्कृष्ट कृतियों में शामिल किया जाने लगा। उनकी फिल्मों के गीत ‘जाने वो कैसे लोग थे’, ‘ये दुनिया अगर मिल भी जाए’ और ‘बाबूजी धीरे चलना’ आज भी संगीत प्रेमियों की पहली पसंद बने हुए हैं।
गुरु दत्त ने वर्ष 1953 में प्रसिद्ध गायिका गीता दत्त से विवाह किया था। अभिनेत्री वहीदा रहमान के साथ उनकी पेशेवर साझेदारी भी लंबे समय तक चर्चा में रही। भारतीय सिनेमा के इस महान कलाकार का 10 अक्टूबर 1964 को मात्र 39 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। आज उनकी जयंती पर फिल्म जगत और प्रशंसक उन्हें याद कर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

