महिला को लिफ्ट देना पड़ा महंगा

0
207

लखनऊ। बंथरा क्षेत्र में गुरुवार शाम एक बाइक सवार वैद्य को अज्ञात महिला को लिफ्ट देना महंगा पड़ गया। नतीजा यह कि महिला सरोजनी नगर क्षेत्र में पहुंचते ही वैद्य की जेब से हजारों की नगदी ले उड़ी। वैद्य उसे पकड़ने दौड़ा तो महिला चाकू मारने की धमकी देते नौ दो ग्यारह हो गयी।

राजधानी लखनऊ के निगोहा स्थित भटपुरा गांव निवासी 43 वर्षीय उमेश कुमार यादव वैद्य का काम करते हैं। उमेश का कहना है कि गुरुवार को वह बंथरा में एक मरीज को देखकर शाम करीब 6 बजे दूसरा मरीज देखने बाइक से आलमबाग जा रहे थे। इस बीच उन्होंने बंथरा थाना स्थित सरोज पाइप कम्पनी के पास एक होटल पर चाय पी और वहां से चलने लगे।

तभी वहां मौजूद करीब 45 वर्षीय अज्ञात महिला ने खुद को परेशानी में होने की बात कहते थोड़ी दूर आगे तक जाने के लिए लिफ्ट मांगी। हालाकि उमेश का कहना है कि उन्होंने उसे बिठाने से मना कर दिया। लेकिन महिला जबरन उनकी बाइक पर बैठ गयी।

पर महिला होने के कारण उमेश उससे कुछ नहीं बोल सके और उसे लेकर चल दिए। उमेश ने बताया कि वहां से करीब 3 किलोमीटर आगे चलने के बाद सरोजनी नगर में स्कूटर इंडिया पेट्रोल पंप से पहले सुनसान जगह पर पहुँचते ही महिला ने उन्हें रुकवा लिया। उमेश ने जैसे ही बाइक रोकी, तभी उक्त महिला ने उमेश की पैण्ट की जेब में रखे 8900 रुपये निकाल लिए।

इस घटना से उमेश के होश उड़ गए और गाड़ी खड़ी कर वह महिला को पकड़ने दौड़े। लेकिन महिला ने चाकू निकाल लिया और उमेश को आगे बढ़ने पर चाकू मारने की धमकी दी।

जिससे उमेश डर कर चुपचाप खड़े हो गए। इसी बीच महिला चाकू लहराते हुए सड़क पार कर वहां से रफू चक्कर हो गई। उमेश का कहना है कि मामले की तहरीर सरोजनी नगर में दे दी है। वहीं सरोजनी नगर थाना प्रभारी निरीक्षक राजदेव राम प्रजापति ने ऐसी किसी सूचना से इनकार किया है। उनका कहना है कि अगर ऐसी कोई तहरीर मिली तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here