Home Lucknow Lucknow: महिला की गला रेतकर हत्या, 17 दिन में चार हत्याओं से...

Lucknow: महिला की गला रेतकर हत्या, 17 दिन में चार हत्याओं से मचा हड़कंप

0

लखनऊ। गोसाईंगंज इलाके में बीते 17 दिनों में चौथी महिला की हत्या की घटना से हड़कंप मचा है। दरअसल गोसाईगंज के एक गांव में झोपड़ी से सोते समय लापता हुई वृद्धा का खून से लथपथ अर्धनग्न शव मंगलवार दोपहर सरसों के खेत में पड़ा मिला। मृतका के चेहरे और गले में धारदार हथियार से वार करने के निशान मिले हैं।

मौके पर संघर्ष के निशान भी मिले हैं। पुलिस के अधिकारियों ने मौके पर जांच की और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस दुष्कर्म की आशंका समेत कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।

सोमवार रात सोते समय झोपड़ी से लापता हो गई थी वृद्धा

गोसाईंगंज के इलाके के एक गांव में 55 वर्षीय वृद्धा झोपड़ी डालकर पति और बेटे के साथ रहती थी। पति के अनुसार रविवार रात वह लोग झोपड़ी में सोए थे।

सोमवार सुबह 5:30 बजे नींद खुली तो पत्नी झोपड़ी में नहीं थी। काफी तलाश के बाद उसका सुराग नहीं लगा। देर रात तक इंतजार किया, फिर मंगलवार दोपहर 12 बजे गोसाईंगंज थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। शाम करीब 4 बजे झोपड़ी से 100 मीटर दूर सरसों के खेत में वृद्धा का शव पड़े होने की सूचना मिली। पति मौके पर पहुंचा। वृद्धा के कपड़े अस्त-व्यस्त थे और गले व चेहरे से खून निकल रहा था। हत्या की सूचना पर गोसाईंगंज थाने की टीम के अलावा डीसीपी दक्षिणी निपुण अग्रवाल, एडीसीपी अमित कुमावत, एसीपी ऋषभ रुणवाल भी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

दुष्कर्म की आशंका समेत कई बिंदुओं पर जांच कर रही पुलिस

खेत में संघर्ष के निशान मिले हैं। जहां शव पड़ा था उसके आसपास काफी बड़े हिस्से में फसल टूटकर गिर गई थी। इससे साफ है कि वृद्धा ने अपनी जान बचाने के लिए हत्यारे से संघर्ष किया। पुलिस को आशंका है कि हत्यारोपी दो या उससे अधिक रहे हैं। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं। डीसीपी साउथ ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है।

17 दिन में तीन महिलाओं की हत्या

गोसाईंगंज इलाके में 17 दिन में तीन महिलाओं की हत्या की गई। इसमें एक का ही पुलिस ने खुलासा कर दिया है। दूसरे में हत्यारोपी की तलाश कर रही है। सलौली गांव के पास झारखंडेश्वर मंदिर परिसर में रहने वाली महाराजा (85) की हत्या 13 मार्च को की गई थी। पुलिस इसका खुलासा अभी नहीं कर सकी है।

वहीं 16 मार्च को कपेरा मदारपुर गांव में जगराना (65)की हत्या कर दी गई। इसका खुलासा पुलिस ने दो दिन पहले किया है। इसमें गांव के एक विधि छात्र को गिरफ्तार किया है। वहीं 25 मार्च को तीसरी हत्या ने पुलिस के इकबाल को खुली चुनौती दे दिया है। पुलिस मंगलवार की घटना को 17 दिन पहले हुई झारखंडेश्वर मंदिर परिसर में हुई हत्या से जोड़कर देख रही है। दोनों घटना स्थल आधा किलोमीटर की दूरी पर है। आशंका है कि वृद्धा को 13 मार्च को हुई महाराजा की हत्या के बारे में कुछ जानकारी थी। इसी कारण उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है।
==

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version