लखनऊ। राजधानी लखनऊ में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे ने पहली बार किसी की जान ले ली। बाजारखाला थाना क्षेत्र के हैदरगंज ओवरब्रिज पर बुधवार दोपहर बाइक सवार युवक की गर्दन चाइनीज मांझे की चपेट में आ गई। गंभीर हालत में युवक को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों के अनुसार गर्दन की प्रमुख नसें कट जाने से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ, जिससे युवक को बचाया नहीं जा सका।
ओवरब्रिज पर बाइक सवार एमआर की गर्दन कटी, इलाज के दौरान मौत
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान दुबग्गा निवासी 33 वर्षीय मोहम्मद शोएब के रूप में हुई है। वह पेशे से मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) थे और बुधवार को अपने कार्यालय के काम से बाइक से निकले थे। दोपहर करीब दो बजे जब वह हैदरगंज ओवरब्रिज से गुजर रहे थे, तभी अचानक उड़ता हुआ चाइनीज मांझा उनके गले में फंस गया। धारदार मांझे से उनकी गर्दन की नसें कट गईं और बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत घायल युवक को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। चिकित्सकों ने बताया कि गर्दन पर गंभीर कट होने के कारण अत्यधिक खून बह चुका था। कई प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान युवक की जान नहीं बचाई जा सकी। सूचना मिलने पर बाजारखाला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इंस्पेक्टर बाजारखाला बृजेश सिंह ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय मांझा किस दिशा से आया और किस इलाके में पतंग उड़ाई जा रही थी। परिजनों के अनुसार मोहम्मद शोएब के परिवार में पत्नी फौजिया, सात वर्षीय बेटी बुशरा और दो वर्षीय बेटी इकरा है। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे पत्नी को फोन के जरिए हादसे की जानकारी मिली, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। शोएब की बहन दिल्ली में डॉक्टर हैं। गौरतलब है कि राजधानी में चाइनीज मांझे से पहले भी कई लोग घायल हो चुके हैं, लेकिन मौत का यह पहला मामला बताया जा रहा है। इसके बावजूद शहर में चाइनीज मांझे की अवैध बिक्री लगातार जारी है। अकबरी गेट, वजीरबाग, बाजारखाला, हुसैनगंज और बाबूगंज समेत कई इलाकों में चोरी-छिपे इसकी बिक्री की शिकायतें मिलती रही हैं। बता दें कि घटना के बाद पुलिस अभियान चलाकर कुछ दिन कार्रवाई करती है फिर बाद में शांत हो जाती है। जिससे धड़ल्ले से चाइनीज मांझे का कारोबार संचालित हो रहा है।
📦 पहले भी कई लोग हो चुके हैं घायल, जान भी जा चुकी है
शहर में पतंग के चाइनीज और अन्य धारदार मांझे से पहले भी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। आए दिन लोग इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल होते रहे हैं, जबकि कई मामलों में लोगों की जान भी जा चुकी है। इसके बावजूद चाइनीज मांझे की अवैध बिक्री और इस्तेमाल पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पाया है। हालात ऐसे हैं कि यह जानलेवा मांझा लगातार आम लोगों की जान के लिए खतरा बना हुआ है।
2017 से प्रतिबंधित है चीनी मांझा
नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने 11 जुलाई 2017 को चीनी मांझे के निर्माण, बिक्री और इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया था। आदेश में स्पष्ट किया गया था कि चीनी मांझे की बिक्री और प्रयोग कानूनन अपराध है। एनजीटी ने इसे पक्षियों और आम लोगों की जान के लिए घातक बताते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके, प्रतिबंध के वर्षों बाद भी अवैध रूप से इसका कारोबार जारी है।
📦 चोरी-छिपे बिक रहा चाइनीज मांझा
सूत्रों के मुताबिक अकबरी गेट, वजीरबाग, बाजारखाला, हुसैनगंज और बाबूगंज समेत कई इलाकों में चाइनीज मांझे की बिक्री चोरी-छिपे की जा रही है। नायलॉन के धागे पर कांच की कोटिंग कर इसे तैयार किया जाता है, जिससे यह बेहद धारदार हो जाता है। इसे काटने के लिए कैंची का इस्तेमाल करना पड़ता है, जबकि सामान्य मांझा आसानी से टूट जाता है। दिलचस्प बात यह है कि सामान्य मांझा चाइनीज मांझे से महंगा होता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद न तो प्रशासन दुकानों को चिन्हित करता है और न ही प्रभावी कार्रवाई होती है।
📦 बीते साल इन शहरों में हुईं चाइनीज मांझे की घटनाएं
▶ अलीगढ़ | 30 सितंबर 2025
28 वर्षीय सलमान स्कूटर से दुकान जा रहे थे। जमालपुर पुल पर चाइनीज मांझा गर्दन में उलझ गया। गंभीर रूप से घायल सलमान को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
▶ गोरखपुर | 29 जुलाई 2025
अमित गुप्ता मां के साथ बाइक से धर्मशाला जा रहे थे। सूरजकुंड पुल पर चाइनीज मांझा गर्दन में फंस गया। चार नसें कट गईं। हेलमेट पहने होने के बावजूद गंभीर चोटें आईं। लंबा ऑपरेशन हुआ, हालांकि जान बच गई।
▶ शाहजहांपुर | 23 अक्टूबर 2025
थाना कैंट क्षेत्र के नगला जाजू निवासी 26 वर्षीय रवि शर्मा पत्नी के साथ ससुराल जा रहे थे। रोजा के हांडा पुल के पास चाइनीज मांझा गर्दन में लग गया। गंभीर चोट के बाद अस्पताल में उनकी मौत हो गई।
▶ शाहजहांपुर | 11 जनवरी 2025
ड्यूटी पर जा रहे कांस्टेबल शाहरुख हसन चाइनीज मांझे की चपेट में आ गए। गर्दन पर गहरा कट लगा। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

